छत्तीसगढ़

पर्यटकों के लिए आज से खुलेगा अचानकमार टाइगर रिज़र्व : झूमरी और उसके शावक बने आकर्षण का केंद्र, कई सफारी स्लॉट पहले ही बुक

छत्तीसगढ़ का सबसे प्रसिद्ध वन्यजीव अभयारण्य अचानकमार टाइगर रिज़र्व (एटीआर) 1 नवंबर से पर्यटकों के लिए अपने द्वार खोलने जा रहा है। बरसात के बाद बंद रहा यह रिज़र्व अब नए रूप में पर्यटकों का स्वागत करने को तैयार है। इस सीजन की सबसे बड़ी चर्चा का विषय बनी है टाइगर “झूमरी” और उसके नन्हे शावक, जिन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक पहले ही अपनी बुकिंग करा चुके हैं।


ऑनलाइन बुकिंग से आसान हुई सफारी व्यवस्था

इस वर्ष अचानकमार में ऑनलाइन एडवांस बुकिंग सिस्टम की शुरुआत की गई है। वेबसाइट के शुरू होते ही बड़ी संख्या में स्लॉट बुक हो गए हैं। प्रबंधन के अनुसार, किफायती दरों और बेहतर सुविधाओं के कारण इस बार रिकॉर्ड संख्या में पर्यटकों के आने की संभावना है।


मैकल पर्वत की गोद में वन्यजीवों का संसार

मैकल पर्वत श्रृंखला की हरियाली में फैला एटीआर बाघ, तेंदुआ, भालू, बाइसन, चीतल, सांभर, सोनकुत्ता, उड़न गिलहरी और मोर जैसे असंख्य जीवों का घर है। साथ ही यहाँ अनेक दुर्लभ पक्षी प्रजातियाँ भी पाई जाती हैं, जिससे यह स्थान पक्षी प्रेमियों का स्वर्ग बन गया है।


नई पहलें: ‘नेचर ट्रेल’ से ‘टाइगर कैंटीन’ तक

इस सीजन में कई नई पहलें पर्यटकों के अनुभव को और समृद्ध करेंगी।
. नेचर ट्रेल: स्थानीय गाइड्स के साथ पैदल भ्रमण, वनस्पति और तितलियों का अवलोकन।
.सुवेनियर शॉप: गोंड कला, हस्तशिल्प और वन उत्पादों से निर्मित स्मृति-चिह्न।
.टाइगर कैंटीन: पारंपरिक बैगा व्यंजन और हल्के स्नैक्स की सुविधा।


सफारी और रिसॉर्ट की दरें

वाहन प्रकार सीटें दर (₹ प्रति राउंड)

जिप्सी 06 ₹3,500
योद्धा वाहन 09 ₹5,500
मिनी बस 22 ₹7,500
बैगा रिसॉर्ट (रात्रि ठहराव) : ₹3,500 प्रति कमरा


सफारी के समय (तीन पालियाँ)

सुबह 6:00 बजे – 9:00 बजे
सुबह 10:30 बजे – दोपहर 1:30 बजे
दोपहर 3:00 बजे – शाम 6:00 बजे


आसान पहुँच

अचानकमार टाइगर रिज़र्व बिलासपुर से लगभग 55 किमी और रायपुर से 200 किमी की दूरी पर स्थित है। निकटतम रेलवे स्टेशन बिलासपुर जंक्शन और हवाई अड्डा स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट, रायपुर है, जिससे देशभर के पर्यटक आसानी से यहाँ पहुँच सकते हैं।


ऑनलाइन बुकिंग व अपडेट्स

वेबसाइट: 🔗 www.achanakmartigerreserve.com
सोशल मीडिया: Achanakmar Tiger Reserve Official


पर्यटकों को मिलेगा अद्भुत अनुभव

एटीआर प्रबंधन के अनुसार, बेहतर सड़क नेटवर्क, उन्नत सुविधाएँ, स्थानीय समुदाय की सहभागिता और बाघिन झूमरी की उपस्थिति इस वर्ष के सफारी सीजन को खास बनाएँगी। पर्यटकों को यहाँ रोमांच, सुरक्षा और प्राकृतिक सौंदर्य का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Breaking