बिलासपुर

तैबा चौक में यंग सुन्नी क्लब का भव्य रोज़ा इफ्तार, सभी धर्मों के लोगों ने दिया भाईचारे का संदेश

सैय्यद गुलशेर अली की रिपोर्ट

बिलासपुर। पवित्र रमज़ान माह के अवसर पर शहर के तैबा चौक में यंग सुन्नी क्लब द्वारा भव्य रोज़ा इफ्तार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न धर्मों और समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और आपसी भाईचारे व सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया। इस अवसर पर शहर की महापौर पूजा विधानी भी कार्यक्रम में शामिल हुईं और सभी को रमज़ान की मुबारकबाद दी। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन समाज में प्रेम, एकता और सद्भाव को मजबूत करते हैं। रमज़ान का महीना इंसानियत, सब्र और सेवा का संदेश देता है, जिसे ऐसे सामूहिक इफ्तार कार्यक्रम और भी प्रभावी बनाते हैं। यंग सुन्नी क्लब के वसीम खान और हाजी जुबेर ने बताया कि क्लब पिछले कई वर्षों से लगातार रोज़ा इफ्तार कार्यक्रम का आयोजन करता आ रहा है। इस वर्ष भी बड़ी संख्या में शहर के गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता और आम लोग कार्यक्रम में शामिल हुए। इफ्तार के दौरान रोज़ेदारों के लिए खजूर, फल सहित विभिन्न व्यंजनों की व्यवस्था की गई थी। अज़ान के बाद सभी ने सामूहिक रूप से रोज़ा खोला और देश-प्रदेश की खुशहाली व अमन-चैन के लिए दुआ मांगी। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने यंग सुन्नी क्लब की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में आपसी सद्भाव और एकता को बढ़ावा देने का काम करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Breaking