गौधाम योजना से गौसेवा की समृद्ध परंपरा को मिलेगी नई मजबूती, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को होगा लाभ – अमर अग्रवाल


बिलासपुर। लाखासार, बिलासपुर में आयोजित गौधाम योजना शुभारंभ समारोह एवं पशुपालक सम्मेलन में पूर्व मंत्री एवं नगर विधायक श्री अमर अग्रवाल प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के साथ सम्मिलित हुए। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पशुपालक, जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान कोनी स्थित गुरु घासीदास विश्वविद्यालय से मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में निर्मित 29 गौधामों का वर्चुअल लोकार्पण किया। यह पहल प्रदेश में गौसेवा एवं गौसंरक्षण को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इस अवसर पर श्री अमर अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में गौसेवा की परंपरा सदियों से समाज की आस्था और संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा रही है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रारंभ की गई गौधाम योजना इस परंपरा को सशक्त करने के साथ-साथ निराश्रित गौवंश के संरक्षण और संवर्धन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण पहल है।
उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से निराश्रित गौवंश को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध होगा, जिससे शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आवारा पशुओं की समस्या में भी कमी आएगी। साथ ही पशुपालकों को प्रोत्साहन मिलने से पशुपालन को बढ़ावा मिलेगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्राप्त होगी।कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू, केबिनेट मंत्री श्री रामविचार नेताम, विधायक श्री धरमलाल कौशिक, विधायक श्री धर्मजीत सिंह, विधायक श्री सुशांत शुक्ला सहित भाजपा के वरिष्ठजन, पदाधिकारी, कार्यकर्तागण एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। इसके पश्चात नगर विधायक के निवास कार्यालय में आयोजित “अपनों से मुलाकात” कार्यक्रम में श्री अमर अग्रवाल ने आम नागरिकों से भेंट कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए और कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।