राजनीती

नगर विधायक अमर अग्रवाल ने “अपनों से मुलाकात” में सुनी जनसमस्याएं, शारीरिक शिक्षा शिक्षक संघ के शपथ ग्रहण समारोह में हुए शामिल, रात्रिकालीन अखिल भारतीय ड्यूस बॉल T-20 क्रिकेट प्रतियोगिता की ट्रॉफी लॉन्चिंग में रहे उपस्थित

बिलासपुर। नगर विधायक  अमर अग्रवाल ने राजेंद्र नगर स्थित निवास कार्यालय में आयोजित “अपनों से मुलाकात” कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे क्षेत्रवासियों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। इस दौरान नागरिकों ने अपनी विभिन्न समस्याओं से श्री अग्रवाल को अवगत कराया। श्री अग्रवाल ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान करना उनकी प्राथमिकता है।उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते जनता से सीधा संवाद और उनकी समस्याओं को समझना अत्यंत आवश्यक है। “अपनों से मुलाकात” कार्यक्रम इसी उद्देश्य से आयोजित किया जाता है, ताकि आम नागरिक अपनी बात सीधे रख सकें और उनका समय पर समाधान सुनिश्चित किया जा सके। इसके पश्चात श्री अग्रवाल छत्तीसगढ़ शारीरिक शिक्षा शिक्षक संघ द्वारा आयोजित शपथ ग्रहण एवं परिचय सम्मेलन में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शारीरिक शिक्षा विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक एवं नैतिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। खेल और व्यायाम से अनुशासन, आत्मविश्वास तथा टीम भावना का विकास होता है, जो जीवन में सफलता के लिए आवश्यक है। उन्होंने कहा कि शारीरिक शिक्षा शिक्षक नई पीढ़ी को स्वस्थ, अनुशासित और ऊर्जावान बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। समाज के निर्माण में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और ऐसे आयोजन शिक्षकों के बीच आपसी संवाद एवं समन्वय को मजबूत करने का कार्य करते हैं। संध्याकालीन सत्र में श्री अग्रवाल यश पैलेस में स्व. लखीराम अग्रवाल जी की स्मृति में आयोजित रात्रिकालीन अखिल भारतीय ड्यूस बॉल T-20 क्रिकेट प्रतियोगिता के ट्रॉफी लॉन्चिंग कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर श्री अग्रवाल ने कहा कि बिलासपुर में खेलों के प्रति लोगों का उत्साह लगातार बढ़ रहा है और ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि शहर में खेल अधोसंरचना के विकास के लिए भी निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। लगभग 200 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक खेल प्रशिक्षण केंद्र का निर्माण किया गया है, जहां 28 प्रकार के खेलों के प्रशिक्षण की व्यवस्था की जा सकती है। श्री अग्रवाल ने कहा कि बिलासपुर में इस प्रकार की अखिल भारतीय स्तर की प्रतियोगिताओं का आयोजन लगातार होना चाहिए। इसी दिशा में एक प्रस्ताव भी दिया गया है कि यहां एक ऐसा क्रिकेट स्टेडियम बनाया जाए, जहां भविष्य में आईपीएल और टेस्ट मैच जैसे बड़े आयोजन भी हो सकें। इसके लिए मंगला क्षेत्र में लगभग 12 एकड़ भूमि का प्रस्ताव भेजा गया है।

उन्होंने आशा व्यक्त की कि आने वाले समय में यह स्टेडियम भी बनकर तैयार होगा और बिलासपुर राष्ट्रीय स्तर के बड़े खेल आयोजनों का केंद्र बनेगा। श्री अग्रवाल ने आयोजन समिति को बधाई देते हुए प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं तथा कहा कि इससे बिलासपुर में खेलों का वातावरण और मजबूत होगा तथा खेल जगत में शहर का नाम और आगे बढ़ेगा।इस अवसर पर आयोजन समिति के पदाधिकारी एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Breaking