चैत्र नवरात्रि, गुड़ी पड़वा, उगादि एवं हिन्दू नववर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं – अमर अग्रवाल

बिलासपुर। नगर विधायक अमर अग्रवाल ने चैत्र नवरात्रि, गुड़ी पड़वा, उगादि एवं हिन्दू नववर्ष (नव संवत्सर) के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी है। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि भारतीय संस्कृति में यह समय विशेष महत्व रखता है, जब प्रकृति में नवसृजन का आरंभ होता है और चारों ओर नई ऊर्जा, उत्साह एवं उमंग का वातावरण निर्मित होता है। हिन्दू नववर्ष का प्रारंभ हमारे प्राचीन वैदिक परंपरा का प्रतीक है, जो हमें अपने जीवन में नई शुरुआत करने और सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। श्री अग्रवाल ने कहा कि चैत्र नवरात्रि शक्ति साधना, आस्था और आत्मबल का पर्व है, जो हमें मां दुर्गा की आराधना के माध्यम से साहस, संयम और आत्मविश्वास प्राप्त करने का संदेश देता है। वहीं गुड़ी पड़वा, उगादि एवं नव संवत्सर नवचेतना, समृद्धि और नई उम्मीदों के साथ जीवन को आगे बढ़ाने का प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि ये सभी पर्व न केवल हमारी सांस्कृतिक विरासत को सशक्त बनाते हैं, बल्कि समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव, भाईचारा और एकता को भी मजबूती प्रदान करते हैं। यह अवसर हमें अपने व्यक्तिगत जीवन के साथ-साथ समाज और राष्ट्र के विकास के लिए भी नए संकल्प लेने की प्रेरणा देता है।विधायक श्री अग्रवाल ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे इन पावन पर्वों को हर्षोल्लास, आपसी सौहार्द और पारंपरिक मूल्यों के साथ मनाएं तथा समाज में सकारात्मक वातावरण का निर्माण करें।उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि यह नववर्ष सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, शांति और उत्तम स्वास्थ्य लेकर आए तथा छत्तीसगढ़ प्रदेश निरंतर प्रगति और विकास के नए आयाम स्थापित करता रहे।