अंबा कॉलोनी में पुलिस-जन संवाद, बीट पुलिसिंग मजबूत करने के निर्देश, SSP ने नागरिकों की बैठक लेकर सुनी समस्याएं


बिलासपुर। पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में जिले में बीट व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में थाना सरकंडा क्षेत्र अंतर्गत अंबा कॉलोनी में आम नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य व्यक्तियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों से सीधे संवाद कर क्षेत्र की कानून व्यवस्था, असामाजिक गतिविधियों, यातायात समस्याओं सहित अन्य स्थानीय मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान उपस्थित लोगों ने अपनी समस्याएं और सुझाव साझा किए, जिनके त्वरित निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बीट अधिकारियों को दिए गए विशेष निर्देश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बीट प्रभारी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे नियमित रूप से अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर आम जनता से संपर्क बनाए रखें। साथ ही, क्षेत्रीय सूचनाओं का बेहतर संकलन कर स्थानीय स्तर पर उत्पन्न समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करें। पुलिस द्वारा इस पहल को जनसहभागिता बढ़ाने और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।