22 कैरेट के नाम पर 6 कैरेट सोना देकर लाखों की ठगी,ज्वेलरी दुकानदार से ब्रेसलेट बदलकर चैन-अंगूठी ले उड़ा आरोपी, जांच में खुला फर्जीवाड़ा
बिलासपुर। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में एक ज्वेलरी दुकानदार के साथ लाखों रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने 22 कैरेट सोने का ब्रेसलेट बताकर मात्र 6 कैरेट का नकली सोना देकर महंगे आभूषण ले लिए। पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मध्य नगरी चौक सहगल गली निवासी 19 वर्षीय राजेश सोनी, खाटू श्याम मंदिर के पास “शुभकामना ज्वेलर्स” के नाम से सोने-चांदी का व्यवसाय संचालित करते हैं। 2 दिसंबर 2025 की शाम करीब 6 बजे एक युवक दुकान पर पहुंचा, जिसने अपना नाम उत्तम सिंह, निवासी भोजपुर (बिहार) बताया। उसने अपने पास मौजूद 22 कैरेट सोने का ब्रेसलेट दिखाकर उसके बदले चैन और अंगूठी लेने की मांग की। दुकानदार ने ग्राहक द्वारा प्रस्तुत आधार कार्ड, पैन कार्ड एवं ब्रेसलेट पर अंकित HUID नंबर की BIS पोर्टल पर जांच की, जिसमें ब्रेसलेट 22 कैरेट (916) शुद्धता का प्रतीत हुआ। सभी औपचारिकताएं पूरी कर दुकानदार ने करीब 15.5 ग्राम ब्रेसलेट के बदले चैन, अंगूठी एवं शेष राशि 3968 रुपए नकद देकर बिल भी जारी कर दिया। करीब तीन माह बाद 13 मार्च 2026 को जब उक्त ब्रेसलेट की जांच बिलासपुर स्थित BIS हॉलमार्किंग सेंटर में कराई गई, तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ। परीक्षण में ब्रेसलेट में केवल 6 कैरेट (लगभग 24.72 प्रतिशत) सोना ही पाया गया। इससे स्पष्ट हुआ कि आरोपी ने सुनियोजित तरीके से नकली या कम शुद्धता का सोना देकर ठगी की है।पीड़ित की शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी उत्तम सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत अपराध क्रमांक 203/2026 दर्ज कर लिया है। मामले में ब्रेसलेट के हॉलमार्क से जुड़े संस्थान और संबंधित ज्वेलर्स की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं, इस घटना के बाद शहर के ज्वेलर्स में भी हड़कंप मच गया है और वे सोने की खरीद-फरोख्त में अतिरिक्त सतर्कता बरतने लगे हैं।