क्राइम

एसी का कॉपर पाइप चोरी करने वाला आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार,सरकंडा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, 43 हजार रुपये का मशरूका बरामद

बिलासपुर। थाना सरकंडा क्षेत्र में एसी के कॉपर पाइप की चोरी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गए करीब 43 हजार रुपये मूल्य के कॉपर पाइप भी बरामद किए हैं। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थिया पूजा उर्फ प्रिंसी देवांगन, निवासी गुलाबनगर मोपका, ने 27 मार्च 2026 को थाना सरकंडा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 26 मार्च की शाम वह अपनी ब्यूटी हैवन यूनिसेक्स सैलून दुकान बंद कर घर चली गई थीं। अगले दिन दोपहर में उन्हें जानकारी मिली कि उनके सैलून और पास की एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान में लगे एसी के कॉपर पाइप चोरी हो गए हैं। जांच में सामने आया कि अज्ञात आरोपी ने रात के समय कॉम्प्लेक्स के सीढ़ी मार्ग से प्रवेश कर दोनों दुकानों में लगे एसी के कॉपर पाइप चोरी कर लिए। चोरी गए पाइप की कुल कीमत लगभग 43 हजार रुपये आंकी गई। मामले की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में टीम गठित कर तत्काल कार्रवाई शुरू की गई। टीम ने सक्रियता दिखाते हुए संदिग्ध की तलाश कर आरोपी पूरन नेताम (24 वर्ष), निवासी दुर्गानगर लिंगियाडीह को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी करना स्वीकार किया। उसके कब्जे से विभिन्न आकार के कुल 168 नग कॉपर पाइप, जिनका वजन करीब 8.5 किलो है, बरामद किए गए। साथ ही घटना में प्रयुक्त लोहे का औजार भी जब्त किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों का विश्वास बढ़ा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Breaking