क्राइम

जिलेभर में गुंडा-बदमाशों पर पुलिस का शिकंजा, 146 की सघन चेकिंग,निगरानी बदमाशों का सत्यापन, 15 मामलों में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई, 3 वारंट तामील

बिलासपुर । जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से बिलासपुर पुलिस ने गुंडा एवं बदमाशों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया। पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में निगरानी सूची में दर्ज बदमाशों को थानों में तलब कर उनकी सघन चेकिंग और सत्यापन किया गया।अभियान के दौरान कुल 146 गुंडा-बदमाशों की चेकिंग की गई, जबकि 34 निगरानी बदमाशों का विस्तृत सत्यापन किया गया। पुलिस द्वारा इन व्यक्तियों की वर्तमान गतिविधियों, आवागमन, संपर्कों और आय के स्रोतों की गहन जांच की गई, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि वे किसी आपराधिक गतिविधि में संलिप्त न हों।
पुलिस ने पूर्व में दर्ज प्रकरणों की समीक्षा करते हुए यह भी जांचा कि संबंधित आरोपी न्यायालय में समय पर उपस्थित हो रहे हैं या नहीं तथा उनके विरुद्ध कोई वारंट लंबित तो नहीं है। इस दौरान 3 वारंट तामील किए गए।
अभियान के तहत 15 प्रकरणों में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 126, 129 एवं 135 के अंतर्गत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई। सभी संबंधित व्यक्तियों को कड़े शब्दों में चेतावनी दी गई कि वे भविष्य में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधियों से दूर रहें, अन्यथा उनके खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि चेकिंग के दौरान अनुपस्थित पाए गए निगरानी एवं गुंडा बदमाशों की तलाश जारी है और उन्हें शीघ्र गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। संदिग्ध प्रवृत्ति के व्यक्तियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Breaking