राजनीती

क्रिश्चियन प्रीमियर लीग का क्वार्टर फाइनल सम्पन्न, खिलाड़ियों ने दिखाया शानदार खेल, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा की टीम हुई शामिल

बिलासपुर। तखतपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत स्वामी आत्मानंद स्कूल ग्राउंड में आयोजित क्रिश्चियन प्रीमियर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट के तहत रविवार को क्वार्टर फाइनल मुकाबले सफलतापूर्वक सम्पन्न हुए। मैच के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खेल भावना का उत्कृष्ट परिचय दिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा शहर जिला अध्यक्ष मोहम्मद हनीफ, महामंत्री शानूल खान, जिला भाजपा सदस्य मोहम्मद हफीज, जिला अल्पसंख्यक मीडिया प्रभारी सैयद गुलशेर अली तथा साहिल खान उपस्थित रहे। क्रिश्चियन प्रीमियर लीग आयोजन समिति के संयोजक शिप्रा साइमल एवं सानू सैमुअल सहित समिति के सदस्यों ने मुख्य अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया। इसके पश्चात मोहम्मद हनीफ और शानूल खान ने मैदान में पहुंचकर दोनों टीमों का परिचय प्राप्त किया और टॉस कराकर मैच का शुभारंभ कराया। मुख्य अतिथि मोहम्मद हनीफ ने अपने संबोधन में कहा कि खेल समाज को जोड़ने का सशक्त माध्यम है और खेल भावना से व्यक्ति में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे समाज को एक मंच पर लाने की सराहनीय पहल बताया। वहीं महामंत्री शानूल खान ने भी टूर्नामेंट के सफल आयोजन के लिए समिति को बधाई देते हुए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में दोनों टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया, जिससे दर्शकों को रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। आयोजन समिति द्वारा प्रतियोगिता के आगामी मैचों को लेकर भी उत्साह बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Breaking