बिलासपुर

75वां उर्स मुबारक आज से 10 मई तक, सूफियाना कलाम और कव्वाली से सजेगी महफिल

बिलासपुर। शहर के पुलिस लाइन ग्राउंड में हर साल की तरह इस वर्ष भी 75वां उर्स मुबारक बड़े ही अक़ीदत और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। 7 मई से 10 मई 2026 तक आयोजित होने वाले इस चार दिवसीय धार्मिक आयोजन में देश-विदेश से बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल होंगे। आयोजन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उर्स मुबारक के दौरान हजरत सैय्यद मदार शाह (र.अ.), हजरत सैय्यद अनवर (र.अ.) एवं हजरत मोहम्मद जाकिर शाह (र.अ.) की याद में विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों में कुरआन ख्वानी, परचम कुशाई, चादरपोशी और मिलाद-ए-महफिल प्रमुख आकर्षण रहेंगे। आयोजन समिति द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 7 मई गुरुवार को सुबह कुरआन ख्वानी एवं परचम कुशाई का आयोजन होगा, जबकि रात में चादरपोशी और मिलाद-ए-महफिल आयोजित की जाएगी। 8 और 9 मई को रात 9 बजे से भव्य कव्वाली कार्यक्रम होंगे। वहीं 10 मई रविवार को सुबह कुल की फातिहा के साथ उर्स का समापन किया जाएगा। उर्स के दौरान दिल्ली के प्रसिद्ध कव्वाल गुलाम वारिस और अहमदाबाद, गुजरात के अनीस नवाब अपनी सूफियाना कलाम पेश करेंगे। कव्वाली कार्यक्रमों को लेकर शहरवासियों और अकीदतमंदों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। “कौमी एकता उर्स कमेटी, पुलिस लाइन बिलासपुर” के सचिव ठाकुर मूल सिंह ने सभी श्रद्धालुओं और शहरवासियों से इस पवित्र आयोजन में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने बताया कि आयोजन के दौरान सुरक्षा, पेयजल, बैठने और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। हर वर्ष की तरह इस बार भी उर्स मुबारक कौमी एकता, भाईचारे और आपसी सौहार्द का संदेश देगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Breaking