हजरत मदार शाह बाबा का 75वां सालाना उर्स अकीदत और शान के साथ संपन्न,दूर-दूर से पहुंचे जायरीन, कव्वाली और लंगर का हुआ आयोजन


बिलासपुर। पुलिस लाइन स्थित हजरत मदार शाह बाबा दरगाह में हजरत मदार शाह बाबा रहमतुल्लाह अलैह का 75वां सालाना उर्स बड़े ही अकीदत और शान के साथ संपन्न हुआ। उर्स में दूर-दूर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं जायरीन अपनी मनोकामनाएं लेकर दरगाह पहुंचे और चादर व शिरनी पेश कर बाबा से दुआएं मांगीं।
उर्स के दौरान दरगाह परिसर में मेले जैसा माहौल देखने को मिला। बड़ी संख्या में छोटे दुकानदारों द्वारा आकर्षक सामान, खिलौने, झूले और विभिन्न स्टॉल लगाए गए थे, जहां लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। उर्स के दोनों दिनों में भव्य कव्वाली कार्यक्रम का आयोजन किया गया। देश के मशहूर कव्वालों ने अपने शानदार अंदाज में सूफियाना कलाम पेश कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। रातभर लोग कव्वाली की धुनों पर झूमते रहे। कार्यक्रम से पहले कौमी एकता उर्स कमेटी द्वारा कव्वालों और अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीस गढ़ राज्य वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज, बेल तरा विधायक सुशांत शुक्ला तथा महापौर पूजा विधानी शामिल हुए। इस अवसर पर विधायक सुशांत शुक्ला और महापौर पूजा विधानी ने कहा कि बाबा का आशीर्वाद सभी पर बना रहे तथा सभी लोग आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मिलजुलकर राष्ट्र एवं शहर के विकास में योगदान दें। वहीं राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त डॉ. सलीम राज ने दरगाह में शेड निर्माण के लिए तीन लाख रुपये देने की घोषणा की। साथ ही दरगाह स्थल पर विकास कार्यों के लिए एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश भी दिए। उर्स कमेटी के मोहम्मद हनीफ ने बताया कि जायरीनों के लिए लंगर का विशेष इंतजाम किया गया था। कार्यक्रम का संचालन शानूल खान ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन मोहम्मद हनीफ खान ने किया।