क्राइम

उर्स जुलूस में चाकू लहराकर दहशत फैलाने वाले दो युवक गिरफ्तार, पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज

बिलासपुर। उर्स पर्व के दौरान संदल जुलूस में चाकू लहराकर आम लोगों को भयभीत करने वाले दो युवकों को सिविल लाइन पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक बड़ा धारदार चाकू और एक चापड़नुमा हथियार जब्त किया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार उर्स त्योहार के अवसर पर घोड़ादाना स्कूल तारबहार से संदल की एक टोली चादर लेकर निकली थी। पुलिस लाइन बिलासपुर के पास डांस के दौरान पैर टकराने की बात को लेकर विवाद हो गया। इस दौरान आरोपी हर्ष खांण्डे ने हाथ में चाकू लहराकर लोगों को डराना शुरू कर दिया। पुलिस पार्टी के पहुंचते ही आरोपी मौके से फरार हो गया था। बाद में आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच और खोजबीन के आधार पर पुलिस ने आरोपी को चाकू सहित गिरफ्तार कर लिया। इसी तरह उर्स के दौरान तालापारा सिविल लाइन से निकली दूसरी संदल टोली के साथ मगरपारा चौक के पास आरोपी अब्दुल अजीम खान हाथ में चाकू लहराते हुए पकड़ा गया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में लेकर उसके खिलाफ भी आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।
गिरफ्तार आरोपियों में तारबहार निवासी 18 वर्षीय हर्ष खांण्डे और तालापारा निवासी 18 वर्षीय अब्दुल अजीम खान शामिल हैं।
बिलासपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने एवं आम लोगों में दहशत फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। शहर में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार पेट्रोलिंग और निगरानी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Breaking