“एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत हुआ पौधारोपण,अमर अग्रवाल ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

बिलासपुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नेहरू नगर स्थित कल्पना विहार कॉलोनी में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नगर विधायक अमर अग्रवाल ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य का संदेश दिया। इस अवसर पर अमर अग्रवाल ने कहा कि “एक पेड़ मां के नाम” अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि मां के प्रति सम्मान और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण पर्यावरण संरक्षण का सबसे प्रभावी माध्यम है, जो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वायु, हरित वातावरण और बेहतर जीवन प्रदान करता है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि पौधे लगाना जितना जरूरी है, उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण उससे भी अधिक महत्वपूर्ण है। उन्होंने कॉलोनीवासियों से लगाए गए पौधों की सिंचाई, सुरक्षा और देखरेख सुनिश्चित करने का आह्वान किया। अमर अग्रवाल के आह्वान का समर्थन करते हुए कॉलोनीवासियों ने पौधों के संरक्षण की जिम्मेदारी लेने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि सभी रहवासी मिलकर पौधों की नियमित देखभाल करेंगे, ताकि वे भविष्य में छायादार और फलदार वृक्ष बन सकें। कार्यक्रम में महापौर पूजा विधानी, जिला उपाध्यक्ष अजीत भोगल, मंडल अध्यक्ष लक्ष्मीनारायण कश्यप, वार्ड पार्षद कार्तिक यादव, युवा मोर्चा अध्यक्ष वैभव गुप्ता सहित भाजपा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेते हुए पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प दोहराया।