जनसेवा, जनसंपर्क और संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय रहे – अमर अग्रवाल


बिलासपुर। नगर विधायक अमर अग्रवाल ने शहर में आयोजित विभिन्न जनसेवा, सामाजिक, धार्मिक एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों में सहभागिता करते हुए नागरिकों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने जनसमस्याओं के निराकरण, स्वच्छता, युवा प्रतिभाओं के प्रोत्साहन तथा केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार से जुड़े कार्यक्रमों में भाग लिया। दयालबंद चौक स्थित श्री गणेश टावर में आधार सेवा केंद्र के शुभारंभ अवसर पर अमर अग्रवाल ने कहा कि इस केंद्र के प्रारंभ होने से क्षेत्रवासियों को आधार पंजीयन, संशोधन एवं अन्य आवश्यक सेवाएं एक ही स्थान पर सुगमता से उपलब्ध हो सकेंगी। इससे नागरिकों को सुविधा मिलेगी तथा उनके समय की भी बचत होगी। निवास कार्यालय में आयोजित ‘अपनों से मुलाकात’ कार्यक्रम के दौरान उन्होंने क्षेत्र से आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं और उनके निराकरण के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान उनकी प्राथमिकता है।
अंडर-18 हॉकी एशिया कप में स्वर्ण पदक जीतकर बिलासपुर लौटे युवा खिलाड़ी अवि मानिकपुरी के सम्मान समारोह में शामिल होकर अमर अग्रवाल ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि अवि की उपलब्धि पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय है और उनकी सफलता युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी।
अन्नपूर्णा कॉलोनी में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में शामिल होकर उन्होंने कथा श्रवण किया तथा क्षेत्रवासियों के सुख, समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की।
केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे “12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” अभियान के अंतर्गत अमर अग्रवाल ने अंबेडकर चौक में श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को जनआंदोलन बनाकर ही स्वच्छ और विकसित भारत के संकल्प को साकार किया जा सकता है।
इसी अभियान के अंतर्गत “एक पेड़ माँ के नाम” कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति संवर्धन के महत्व पर बल दिया तथा अधिक से अधिक वृक्षारोपण के लिए लोगों को प्रेरित किया।
मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे “12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” अभियान के अंतर्गत नगर विधायक अमर अग्रवाल ने बिलासा गर्ल्स कॉलेज स्थित पिंक ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभावान बच्चों से मुलाकात की। इस अवसर पर उन्हें बच्चों की विभिन्न उपलब्धियों, प्रतिभाओं एवं रचनात्मक गतिविधियों से परिचित होने का अवसर मिला। उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि उनकी लगन, मेहनत और आत्मविश्वास उन्हें भविष्य में नई सफलताओं तक पहुंचाएंगे। उन्होंने सभी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें निरंतर आगे बढ़ने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया।
अभियान के अंतर्गत उन्होंने राजेंद्र नगर, वैशाली नगर और तालापारा क्षेत्र में प्रबुद्ध नागरिकों से मुलाकात कर केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों, विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं पर चर्चा की तथा जनभागीदारी को और मजबूत बनाने का आह्वान किया।