राजनीती

भारतीय नगर मुक्तिधाम का हुआ कायाकल्प, विधायक अमर अग्रवाल ने किया अवलोकन और पौधारोपण

अग्रवाल सेवा समिति ने डेढ़ करोड़ की लागत से कराया जीर्णोद्धार, 35 सीसीटीवी, पार्किंग, गार्डन और आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित हुआ मुक्तिधाम

बिलासपुर, 14 जून। अग्रवाल सेवा समिति द्वारा संचालित भारतीय नगर मुक्तिधाम के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण कार्यों के अवलोकन तथा वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन रविवार को किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक अमर अग्रवाल शामिल हुए। इस अवसर पर महापौर पूजा विधानी, आईजी रामगोपाल गर्ग, कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनेश सिंह, नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
अतिथियों ने मुक्तिधाम परिसर का निरीक्षण किया तथा नीम के पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। विधायक अमर अग्रवाल ने कहा कि मुक्तिधाम केवल अंतिम संस्कार का स्थल नहीं, बल्कि सामाजिक सेवा, संवेदनशीलता और सामूहिक उत्तरदायित्व का प्रतीक है। उन्होंने अग्रवाल सेवा समिति द्वारा किए गए कार्यों की सराहना करते हुए अन्य सामाजिक संगठनों से भी सार्वजनिक स्थलों के संरक्षण और संचालन में भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
आईजी रामगोपाल गर्ग ने कहा कि अग्रवाल समाज सदैव सामाजिक कार्यों में अग्रणी रहा है। उन्होंने समिति द्वारा मुक्तिधाम को व्यवस्थित एवं सुविधायुक्त स्वरूप देने के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए इसे सेवा भावना का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
कार्यक्रम में समिति अध्यक्ष शिव अग्रवाल ने स्वागत भाषण दिया, जबकि सीए आनंद अग्रवाल ने समिति के उद्देश्यों और किए गए विकास कार्यों की जानकारी दी। अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं तुलसी पौधा भेंटकर स्वागत किया गया तथा समाज के दानदाताओं को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित हुआ मुक्तिधाम
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि अप्रैल 2025 से संचालित जीर्णोद्धार अभियान के तहत लगभग डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से मुक्तिधाम का कायाकल्प किया गया है। यहां अंतिम संस्कार के लिए फायर ब्रिक्स से बने पक्के चबूतरे, पेयजल हेतु वाटर कूलर, बैठने की व्यवस्था, पंखे, लाइट, स्पीकर, हरियाली युक्त गार्डन, पार्किंग, स्नान एवं नहावन सुविधाएं, अस्थि कलश लॉकर सहित कई सुविधाएं विकसित की गई हैं।
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए परिसर में 35 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। वहीं रखरखाव के लिए माली, सुरक्षा गार्ड, सफाईकर्मी तथा अंतिम संस्कार संबंधी कर्मचारियों की नियमित व्यवस्था भी की गई है। समिति द्वारा प्रतिमाह लगभग डेढ़ लाख रुपये रखरखाव और वेतन मद में खर्च किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में अग्रवाल समाज के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, प्रबुद्ध नागरिक और बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन मनीष अग्रवाल तथा आभार प्रदर्शन अजय जाजोदिया ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Breaking