राजनीती

मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर अमर अग्रवाल ने किया वृक्षारोपण, जनसंपर्क, स्वच्छता अभियान एवं विकास प्रदर्शनी का अवलोकन

बिलासपुर। केंद्र सरकार के यशस्वी 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता अमर अग्रवाल ने विभिन्न जनहित एवं जनजागरण कार्यक्रमों में सहभागिता करते हुए सेवा, सुशासन, पर्यावरण संरक्षण एवं जनसंपर्क के माध्यम से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया।इस क्रम में हेमू नगर स्थित इशिका पार्क में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण किया गया। इस अवसर पर अमर अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के आह्वान पर पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास एवं भावी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के निर्माण हेतु वृक्षारोपण एक महत्वपूर्ण जनभागीदारी अभियान है।इसके पश्चात हेमू नगर स्थित दुर्गा मंदिर में पूजन-अर्चन कर प्रदेश एवं देश की सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की गई। साथ ही मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई की गई। उन्होंने कहा कि सेवा, सुशासन और जनकल्याण के 12 वर्षों की यात्रा में स्वच्छता, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं सांस्कृतिक मूल्यों को सशक्त करने का यह एक विनम्र प्रयास है।विशेष जनसंपर्क अभियान के तहत हेमू नगर, विवेकानंद नगर, शहीद भगत सिंह नगर, इंदिरा नगर एवं शांति अपार्टमेंट टिकरापारा क्षेत्र में प्रबुद्धजनों एवं क्षेत्रवासियों से आत्मीय मुलाकात की गई। इस दौरान केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, गरीब कल्याण, सुशासन एवं विकास के 12 वर्षों की उपलब्धियों की जानकारी साझा की गई तथा नागरिकों के सुझाव एवं विचार प्राप्त किए गए। अमर अग्रवाल ने राघवेंद्र राव सभा भवन, बिलासपुर में भारतीय जनता पार्टी बिलासपुर शहर एवं ग्रामीण द्वारा आयोजित केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर आधारित तीन दिवसीय विकास प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। प्रदर्शनी में सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण, आधारभूत संरचना विकास, महिला सशक्तिकरण, किसान कल्याण एवं राष्ट्र निर्माण से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों और उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया था। उन्होंने कहा कि बीते 12 वर्षों की यह विकास यात्रा विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में देश की निरंतर प्रगति और जनविश्वास का सशक्त प्रतीक है।इस अवसर पर अज्ञेय नगर स्थित आदिशक्ति मंदिर के समीप उद्यान में नवनिर्मित शेड का लोकार्पण कर उसे क्षेत्रवासियों को समर्पित किया गया। उन्होंने कहा कि यह शेड उद्यान में आने वाले नागरिकों, वरिष्ठजनों एवं श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक होगा तथा सार्वजनिक उपयोग की दृष्टि से क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।अमर अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण एवं विकास के नए आयाम स्थापित हुए हैं और विकसित भारत के निर्माण के लिए जनभागीदारी के साथ यह यात्रा निरंतर आगे बढ़ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Breaking