राजनीती

मोदी सरकार के 12 वर्षों ने विकसित भारत की मजबूत नींव रखी – अमर अग्रवाल

बिलासपुर। केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी जांजगीर द्वारा अग्रसेन भवन, जांजगीर में आयोजित “विकसित भारत संकल्प सम्मेलन” में भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं, प्रबुद्धजनों एवं नागरिकों को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार की 12 वर्षों की उपलब्धियों और विकसित भारत के संकल्प पर अपने विचार रखे। अमर अग्रवाल ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व में देश ने सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है। पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार ने जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं, जिनका लाभ देश के करोड़ों नागरिकों तक पहुंचा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत अभियान, पीएम किसान सम्मान निधि सहित अनेक योजनाओं ने समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने का कार्य किया है। आज भारत वैश्विक स्तर पर एक सशक्त, आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान स्थापित कर रहा है। अमर अग्रवाल ने कहा कि विकसित भारत का संकल्प केवल सरकार का नहीं, बल्कि देश के 140 करोड़ नागरिकों का सामूहिक संकल्प है। जनभागीदारी, सुशासन और सतत विकास के माध्यम से भारत वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए कहा कि सेवा, समर्पण और विकास की यह यात्रा निरंतर जारी रहेगी। इस दौरान पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष श्री नारायण चंदेल जी, सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े जी, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री अंबेश जांगड़े जी सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में क्षेत्र के प्रबुद्धजन एवं नागरिकों की उल्लेखनीय सहभागिता रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Breaking