बिलासपुर

‘कौन बनेगा फुटबॉल सम्राट’ प्रतियोगिता के विजेताओं का अमर अग्रवाल ने किया सम्मान

बिलासपुर में खेल संस्कृति, सामाजिक सहभागिता और सकारात्मक संवाद को बढ़ावा देने की पहल की सराहना
बिलासपुर के लोकप्रिय सोशल मीडिया मंच ‘हमर बिलासपुर’ द्वारा आयोजित ‘कौन बनेगा फुटबॉल सम्राट’ फाइनल प्रेडिक्शन कॉन्टेस्ट के विजेताओं का शुक्रवार को आयोजित सम्मान समारोह में पूर्व मंत्री एवं बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल ने सम्मान किया। समारोह में शहर के गणमान्य नागरिक, खेल प्रेमी, सोशल मीडिया ग्रुप के सदस्य एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
विश्व कप फुटबॉल फाइनल में स्पेन और अर्जेंटीना के बीच खेले गए रोमांचक मुकाबले में स्पेन ने 90 मिनट के खेल में 1–0 से जीत दर्ज कर विश्व विजेता बनने का गौरव हासिल किया। फाइनल मुकाबले से पूर्व आयोजित प्रेडिक्शन प्रतियोगिता में कुल 432 प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिनमें से 208 प्रतिभागियों ने स्पेन की जीत का अनुमान लगाया। वहीं, स्पेन की 90 मिनट में 1–0 की जीत का सटीक पूर्वानुमान लगाने वाले श्री मनीष आकाशी, श्री विकास चौबे, श्री सुमित पाल सलूजा, श्री एस.एस. ठाकुर, श्री लवलीन सलूजा, श्री अतुल पटेल, श्री सुरेश निर्मलकर एवं श्री उत्तम तिवारी विजेता बने। अमर अग्रवाल ने सभी विजेताओं को सम्मानित कर शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर अमर अग्रवाल ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और सामाजिक समरसता का सशक्त माध्यम हैं। ऐसे आयोजन युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने के साथ-साथ समाज में सकारात्मक सोच और सहभागिता को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने टीम हमर बिलासपुर की इस अभिनव पहल की सराहना करते हुए कहा कि सोशल मीडिया का उपयोग यदि सकारात्मक उद्देश्यों के लिए किया जाए तो यह समाज को जोड़ने और नई ऊर्जा देने का प्रभावी माध्यम बन सकता है।
कार्यक्रम में ग्रुप एडमिन एवं वरिष्ठ पत्रकार श्री रूद्र अवस्थी, पूर्व महापौर श्री किशोर राय, अपोलो हॉस्पिटल ग्रुप के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. देवेंद्र सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री दीपक, भाजपा पदाधिकारी श्री अनिल दुआ सहित अनेक गणमान्य नागरिक विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।विशिष्ट अतिथियों ने बिलासपुर में खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा सोशल मीडिया के माध्यम से नागरिकों को सकारात्मक विषयों पर जोड़ने की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में स्वस्थ संवाद, आपसी सहयोग और सामुदायिक सहभागिता को नई दिशा देते हैं। डॉ. देवेंद्र सिंह ने कहा कि वे वर्ष 1982 से फुटबॉल का अनुसरण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश में फुटबॉल सहित विभिन्न खेलों के प्रति लोगों का बढ़ता उत्साह अत्यंत सराहनीय है तथा इस प्रकार के आयोजन खेल संस्कृति को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सम्मान समारोह के उपरांत अमर अग्रवाल ने विजेता प्रतिभागियों, सोशल मीडिया ग्रुप के सदस्यों एवं शहरवासियों से संवाद भी किया। इस दौरान उन्होंने नागरिकों के विभिन्न प्रश्नों के उत्तर देते हुए कहा कि वे राज्य सरकार में अपने वरिष्ठ साथियों के साथ नीति निर्माण एवं विधायी प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिलासपुर निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है तथा राज्य सरकार द्वारा शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए लगभग दो से ढाई हजार करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ‘हमर बिलासपुर’ जैसी पहल नागरिकों को सकारात्मक संवाद का मंच प्रदान करती है और समाज को जोड़ने का कार्य करती है। लोकतंत्र में जनता का जनादेश सर्वोपरि होता है। जिन्हें जनता ने नकार दिया है, उन्हें आत्ममंथन कर जनविश्वास अर्जित करने का प्रयास करना चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में सभी विजेता प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए अमर अग्रवाल ने कहा कि जीत और हार खेल का हिस्सा हैं, लेकिन खेल भावना, सहभागिता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा ही किसी भी आयोजन की वास्तविक सफलता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी ऐसे आयोजन बिलासपुर में खेल संस्कृति को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने और युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Breaking