राजनीती

एनसीपी छत्तीसगढ़ ने देशभक्ति के उत्साह के साथ मनाया 80वां स्वतंत्रता दिवस, हर घर दो पौधे लगाने का आह्वान


बिलासपुर। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) छत्तीसगढ़ द्वारा 80वां स्वतंत्रता दिवस महमंद बाईपास रोड, बिलासपुर स्थित एनसीपी प्रदेश कार्यालय में देशभक्ति एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन माननीय प्रदेश अध्यक्ष श्री नीलेश बिस्वास के नेतृत्व में किया गया। समारोह में प्रदेश अध्यक्ष श्री नीलेश बिस्वास ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और उपस्थित पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। इसके पश्चात उपस्थित लोगों के बीच मिठाई का वितरण किया गया। अपने संबोधन में श्री नीलेश बिस्वास ने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले शहीदों, स्वतंत्रता सेनानियों और क्रांतिकारियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने विशेष रूप से स्वर्गीय श्री अजित दादा पवार साहेब के योगदान एवं त्याग को स्मरण करते हुए कहा कि राष्ट्र के लिए समर्पण, संघर्ष और सेवा की भावना हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। श्री बिस्वास ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि देश के प्रति अपने कर्तव्यों को याद करने और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लेने का दिन है। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को लेकर देशवासियों से विशेष अपील करते हुए कहा कि हर परिवार अपने घर के आसपास कम से कम दो पौधे लगाए और उनकी जिम्मेदारीपूर्वक देखभाल करे। यदि देश का प्रत्येक परिवार इस छोटे से संकल्प को अपनाए, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए एक स्वच्छ, हरित और स्वस्थ भारत का निर्माण किया जा सकता है।प्रदेश अध्यक्ष ने एनसीपी के सभी राष्ट्रीय नेताओं, प्रदेश एवं जिला पदाधिकारियों, बूथ स्तर के नेताओं, पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों तथा देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से एकजुटता, अनुशासन और जनसेवा की भावना के साथ राष्ट्रहित में कार्य करने का आह्वान किया। इस अवसर पर प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष (युवा) श्री अय्यूब मेमन ने गोलाघाटा में आयोजित ध्वजारोहण समारोह में भी सहभागिता की और स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

एनसीपी छत्तीसगढ़ के प्रदेश प्रवक्ता श्री हिमांशु राज ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस का यह पावन अवसर हमें देशभक्ति के साथ-साथ सामाजिक एकता, जनसेवा, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्र निर्माण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि एनसीपी छत्तीसगढ़ का प्रत्येक कार्यकर्ता जनता के बीच रहकर जनहित और राष्ट्रहित के लिए समर्पित भाव से कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम का समापन देशभक्ति के नारों और राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के संकल्प के साथ हुआ।

जारीकर्ता:
श्री हिमांशु राज
प्रदेश प्रवक्ता
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP), छत्तीसगढ़

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Breaking