क्राइम

तखतपुर थाना में एसएसपी का औचक निरीक्षण, शिकायत मिलने पर पुलिसकर्मी हुए लाइन अटैच

बिलासपुर। उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने रविवार को थाना तखतपुर का आकस्मिक निरीक्षण कर कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और बीट व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने थाना क्षेत्र में अवैध शराब, मारपीट और भूमि विवाद से जुड़े मामलों पर प्रभावी कार्रवाई के साथ अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने के सख्त निर्देश दिए।
तखतपुर थाना क्षेत्र में कुल 79 ग्राम आते हैं, जिनमें 14 ग्रामों को झगड़ालू ग्राम के रूप में चिन्हांकित किया गया है। इन गांवों में अवैध शराब, मारपीट और भूमि विवाद से संबंधित शिकायतें अधिक मिलने पर एसएसपी ने थाना प्रभारी एवं पुलिस स्टाफ को विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान थाना क्षेत्र में पदस्थ कुछ पुलिसकर्मियों के खिलाफ लगातार शिकायतें मिलने तथा अपराध नियंत्रण एवं जनसंपर्क को लेकर उनकी कार्यप्रणाली पर सवाल उठने के बाद संबंधित कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से रक्षित केंद्र संबद्ध किया गया। एसएसपी ने अवैध शराब के कारोबार में बार-बार संलिप्त पाए जाने वाले आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई और बाउंड ओवर की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बाउंड का उल्लंघन करने पर नियमानुसार राशि जब्त करने को कहा गया। वहीं, अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त महिलाओं को महिला स्व-सहायता समूहों और शासन की योजनाओं से जोड़कर वैकल्पिक आजीविका उपलब्ध कराने की दिशा में काम करने के निर्देश दिए।

बीट कर्मचारियों को गांवों की पूरी जानकारी रखने के निर्देश
एसएसपी ने बीट कर्मचारियों को अपने क्षेत्र के ग्रामों, अपराधियों और स्थानीय समस्याओं की पूरी जानकारी रखने को कहा। झगड़ालू ग्रामों में होने वाले अपराधों की विस्तृत जानकारी संकलित कर समय पर कार्रवाई करने तथा संगठित अपराध में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 112 के तहत आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान सीएम हेल्पलाइन की 19 शिकायतों और चरित्र सत्यापन प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। एसएसपी ने सभी मामलों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पुलिस अनुविभागीय अधिकारी कोटा श्रीमती नूपुर उपाध्याय भी उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Breaking