अकीदत और उल्लास के साथ मनाया गया ईद मिलादुन्नबी ,भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा ने जुलूस का किया भव्य स्वागत


बिलासपुर। शहर में बुधवार को ईद मिलादुन्नबी का पर्व अकीदत और उत्साह के साथ मनाया गया। मुस्लिम समाज के लोगों ने नमाज अदा करने के बाद फातिहा कराई और जुलूस निकाला। जुलूस में बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए। इस दौरान लोगों ने एक-दूसरे को ईद मिलादुन्नबी की मुबारकबाद दी।
ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर लोगों ने पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जीवन, त्याग, बलिदान, इबादत और सच्चाई के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। समाज के लोगों ने कहा कि पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब मानवता, भाईचारे, प्रेम और शांति का संदेश लेकर आए थे।
भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा ने किया जुलूस का स्वागत
भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा की ओर से सिटी कोतवाली चौक के पास ईद मिलादुन्नबी के जुलूस का भव्य स्वागत किया गया। छत्तीसगढ़ शासन हज कमेटी के प्रदेश सदस्य सैयद मकबूल अली एवं भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा शहर जिला अध्यक्ष मोहम्मद हनीफ के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जुलूस में शामिल लोगों का स्वागत किया और पर्व की बधाई दी।
सैयद मकबूल अली और मोहम्मद हनीफ ने कहा कि भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा की ओर से सभी मुस्लिम भाइयों को ईद मिलादुन्नबी की दिली मुबारकबाद दी गई। उन्होंने बताया कि बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल, बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक, तखतपुर विधायक धरमजीत सिंह और बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने भी मुस्लिम समाज को ईद मिलादुन्नबी की शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता मनीष अग्रवाल सहित भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के पूर्व जिला अध्यक्ष सैयद मकबूल अली, जिला अध्यक्ष मोहम्मद हनीफ, वरिष्ठ नेता मुर्तुजा वनक, सैफुद्दीन, शाहिद रजा, जिला कोषाध्यक्ष साजिद ऐबानी, शानू, रहमान, विनीत, विकास, हफीज, तफसीर सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी सैयद गुलशेर अली ने भी सभी मुस्लिम भाइयों को ईद मिलादुन्नबी की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।