डा. मनमोहन सिंह के लिए निर्णय देश के विकास और सामाजिक सुधारों की दिशा में मील का पत्थर साबित हुए : रविन्द्र सिंह


बिलासपुर/ पूर्व प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह के निधन पर योग आयोग के सदस्य रविंद्र सिंह ने अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि एशिया के महान अर्थशास्त्री और देश की राजनीति में शालीनता, शुचिता और सहृदयता के प्रतीक अब हमारे बीच नहीं रहे। उनका देहावसान न केवल भारत, बल्कि पूरे एशिया और विश्व के लिए एक अपूरणीय क्षति है। डा. मनमोहन सिंह ने अपने कार्यकाल में ऐसे निर्णय लिए जो देश के विकास और सामाजिक सुधारों की दिशा में मील का पत्थर साबित हुए। वित्त मंत्री के रूप में उन्होंने भारत को आर्थिक संकट से उबारा और देश को उदारीकरण की ओर अग्रसर किया।प्रधानमंत्री के रूप में उनकी नीतियों ने आधारित नींव रखी। मनरेगा, सूचना का अधिकार, शिक्षा का अधिकार, खाद्य सुरक्षा, किसानों का कर्ज माफ और वनाधिकार जैसे ऐतिहासिक कदम उनके दूरदर्शी नेतृत्व का प्रमाण हैं। उनके कार्यकाल में देश की अर्थव्यवस्था ने 8 प्रतिशत विकास दर हासिल की, 13 करोड़ बच्चों को मध्याह्न भोजन योजना का लाभ मिला।