स्कूलों की जर्जर हालत देख भावुक हुए NCP प्रदेश अध्यक्ष नीलेश बिस्वास,कहा गरीब बच्चों को टूटी छत के नीचे नहीं, सम्मानजनक शिक्षा का हक़ मिलना चाहिए


बिलासपुर। कोटा ब्लॉक के परसापानी गांव के शासकीय स्कूलों की बदहाल स्थिति देखकर एनसीपी प्रदेश अध्यक्ष नीलेश बिस्वास भावुक हो उठे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने देखा कि स्कूलों की दीवारें टूटी हुई हैं, छतें टपक रही हैं और बच्चों के बैठने तक की उचित व्यवस्था नहीं है। इसके बावजूद बच्चे रोज़ाना सपनों और उम्मीदों के साथ स्कूल पहुँचते हैं। नीलेश बिस्वास ने सवाल उठाया कि क्या यही “विकसित छत्तीसगढ़” का स्वरूप है, जहाँ नेताओं के बच्चों को विदेशों में उच्च शिक्षा मिलती है, जबकि गरीब परिवारों के बच्चे टूटी छतों के नीचे पढ़ने को मजबूर हैं? उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि हर नागरिक इस असमानता के खिलाफ आवाज़ उठाए। शिक्षा हर बच्चे का अधिकार है, किसी पर किया गया एहसान नहीं।उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि ग्रामीण अंचलों के स्कूलों की स्थिति सुधारने के लिए तत्काल कदम उठाए जाएं ताकि हर बच्चे को समान अवसर और सम्मानजनक शिक्षा मिल सके।