राजनीती

लिंगियाडीह बचाओ आंदोलन को सर्व आदिवासी समाज का समर्थन,गरीबों के मकान तोड़ने की कार्रवाई बंद करने की मांग, बड़े आंदोलन की चेतावनी

बिलासपुर। लिंगियाडीह बचाओ आंदोलन को सर्व आदिवासी समाज का खुला समर्थन मिला है। अपोलो अस्पताल चौक, लिंगियाडीह में जिला प्रशासन द्वारा 113 परिवारों को नोटिस देने की तैयारी के विरोध में चल रहे महाधरना को संबोधित करते हुए सर्व आदिवासी समाज के अध्यक्ष देव सिंह पोरते ने कहा कि सरकार गरीबों को परेशान करना बंद करे, अन्यथा आदिवासी समाज गरीबों के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन करेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मुद्दे को मुख्यमंत्री के समक्ष भी रखा जाएगा।महाधरना को संबोधित करते हुए देव सिंह पोरते, एस. के. नेताम, शशि देवी ध्रुव, एस. आर. नेताम (पूर्व अध्यक्ष, बिलासपुर) सहित अन्य नेताओं ने कहा कि लिंगियाडीह में पहले ही 173 घरों और मकानों को तोड़कर सड़क चौड़ीकरण एवं नाला निर्माण का कार्य किया जा चुका है। इसके बावजूद शेष गरीब परिवारों को हटाने की कार्रवाई करना अन्यायपूर्ण है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब सड़क चौड़ीकरण का काम पूरा हो चुका है और नाली निर्माण चल रहा है, तब गरीबों को बार-बार क्यों सताया जा रहा है।वक्ताओं ने बताया कि चिंगाराजपारा रपटा चौक से चांटीडीह तक सैकड़ों परिवारों को सड़क पर लाकर खड़ा कर दिया गया है। लिंगियाडीह की यह बस्ती करीब 50 वर्ष पुरानी है, जहां गरीब परिवार झुग्गी-झोपड़ी बनाकर रह रहे हैं। इसके बावजूद भाजपा शासनकाल में इन्हें हटाने की कार्रवाई की जा रही है, जो पूरी तरह से अमानवीय है।सर्व आदिवासी समाज ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि किसी भी हालत में यहां लोगों के मकान नहीं टूटने दिए जाएंगे। समाज ने महिलाओं के साथ खड़े रहने और बेघर करने की कार्रवाई का लगातार विरोध करने की बात कही। महाधरना में दुर्गा नगर की महिलाएं बड़ी संख्या में शामिल हुईं। इसके अलावा विभिन्न संगठनों और समाजों के लोगों ने भी लिंगियाडीह बचाओ आंदोलन को समर्थन देते हुए जिला प्रशासन की कार्रवाई के खिलाफ जोरदार विरोध दर्ज कराया।महाधरना में इंद्र ध्रुव, गुड्डू ध्रुव, मुकेश मरावी, दीपक नेताम, उतरा देवांगन, बिना भास्कर, उर्मिला श्रीवास, अर्पणा पटेल, पिंकी देवांगन, यशोदा पाटिल, कुंती तिवारी, उमा मिश्रा, सबिता डे, वंदना डे, हेमलता देवांगन, लता देवांगन, पुष्पा देवांगन, राजकुमारी देवांगन, साधना यादव, नंदकुमारी, जमुना शर्मा, संगीता यादव, रूपा सरकार, सीता साहू, ललिता मानिकपुरी, रूपा श्रीवास, कुसुम मिश्रा, चमेली रजक सहित बड़ी संख्या में महिलाएं और नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Breaking