मगरपारा–मरिमाई कब्रिस्तान रोड निर्माण का अमर अग्रवाल ने किया भूमिपूजन,लंबे समय से खराब सड़क से परेशान लोगों को मिलेगी राहत



बिलासपुर। शहर के मगरपारा से मरिमाई कब्रिस्तान भारत चौक रोड के निर्माण कार्य का भूमिपूजन बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल ने किया। लंबे समय से जर्जर सड़क के कारण स्थानीय रहवासी और मगरपारा से व्यापार विहार तक आने-जाने वाले लोग परेशान थे। बारिश के मौसम में सड़क की स्थिति और अधिक खराब हो जाती थी, जिससे आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। स्थानीय लोगों की बहुप्रतीक्षित मांग को गंभीरता से लेते हुए विधायक अमर अग्रवाल ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से चर्चा कर सड़क निर्माण के निर्देश दिए। इस सड़क के निर्माण से क्षेत्रवासियों के साथ-साथ मरिमाई मंदिर और कब्रिस्तान जैसे धार्मिक स्थलों तक पहुंचने में भी सुविधा होगी।
भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान विधायक अमर अग्रवाल के आगमन पर मोहल्लेवासियों ने गाजे-बाजे, फूल-मालाओं के साथ उनका गर्मजोशी से स्वागत और सम्मान किया। विधायक ने भी उपस्थित लोगों का अभिवादन करते हुए सड़क निर्माण कार्य को जल्द पूरा कराने का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम में महापौर श्रीमती पूजा विधानी भी मौजूद रहीं। वार्डवासियों, भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की उपस्थिति में विधिवत भूमिपूजन संपन्न हुआ। विधायक ने अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।