भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा ने डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम की पुण्यतिथि पर किया नमन



बिलासपुर। भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मखमूर इकबाल खान के निर्देश पर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा बिलासपुर शहर जिला इकाई द्वारा सोमवार को भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान वैज्ञानिक डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम की पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन शहर जिला अध्यक्ष मोहम्मद हनीफ के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. कलाम के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद उपस्थित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनके व्यक्तित्व एवं देश के प्रति दिए गए योगदान को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर शहर जिला अध्यक्ष मोहम्मद हनीफ ने कहा कि डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम ने भारत को वैज्ञानिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने देश के मिसाइल एवं परमाणु कार्यक्रम को नई दिशा दी, जिसके कारण उन्हें “मिसाइल मैन” के नाम से पहचान मिली। उन्होंने कहा कि डॉ. कलाम ने तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में भारत को परमाणु शक्ति संपन्न राष्ट्र बनाने में अहम योगदान दिया। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय कार्यों के लिए उन्हें पद्म भूषण, पद्म विभूषण और देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के महामंत्री अजय कश्यप, मंडल उपाध्यक्ष गणेश परिहार, जिला कार्यसमिति सदस्य राजाराम प्रजापति, मंडल अध्यक्ष दिनेश कौशिक, पवन छाबड़ा, अमरदास, मोहम्मद हबीब, जिला मीडिया प्रभारी सैयद गुलशेर अली, सतीश चौबे सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।