केश शिल्पी कल्याण बोर्ड अध्यक्ष गौरीशंकर श्रीवास का अल्पसंख्यक मोर्चा पदाधिकारियों ने किया स्वागत

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ केश शिल्पी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष एवं राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त गौरीशंकर श्रीवास के एक दिवसीय बिलासपुर प्रवास के दौरान छत्तीसगढ़ भवन में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सौजन्य भेंट की। इस दौरान छत्तीसगढ़ हज कमेटी के सदस्य सैयद मकबूल अली एवं भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा जिला शहर अध्यक्ष मोहम्मद हनीफ के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने श्रीवास का स्वागत एवं सम्मान किया। सैयद मकबूल अली एवं मोहम्मद हनीफ ने गौरीशंकर श्रीवास को साल पहनाकर तथा पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे और समाज के विकास को लेकर चर्चा हुई। गौरीशंकर श्रीवास ने कहा कि सेन समाज लंबे समय से सभी वर्गों और समाज के लोगों की सेवा भावना के साथ कार्य करता आ रहा है। उन्होंने सभी लोगों से सेन शक्ति सम्मेलन एवं केश शिल्प सम्मान समारोह में शामिल होने का आग्रह किया। उन्होंने सामाजिक एकता और विकास के लिए मिलकर कार्य करने की आवश्यकता पर जोर दिया। कार्यक्रम में केंद्र सरकार के सबका साथ, सबका विकास के संकल्प के अनुरूप सभी वर्गों को साथ लेकर आगे बढ़ने पर भी चर्चा हुई। इस अवसर पर सेन समाज के लोगों के साथ अल्पसंख्यक मोर्चा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे। कार्यक्रम में प्रदेश अल्पसंख्यक मोर्चा सदस्य नवीन मसीह, जिला महामंत्री शानूल खान, अल्पसंख्यक पश्चिम मंडल अध्यक्ष परवेज खान, जिला भाजपा सदस्य मोहम्मद हफीज, नाजिम खान, जिला मीडिया प्रभारी सैयद गुलशेर अली, त्रिलोचन सिंह, मनीष कुमार, जार्ज, सुखविंदर सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।